खड़गपुर| पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर इलाके में एक ट्रक और स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक एक घर में जा घुसा। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम शेख सौरव है। मृतक केशपुर के 11 नंबर क्षेत्र का निवासी था। मालूम हो कि केशपुर से मेदिनीपुर की ओर आ रहे एक ट्रक ने बारह माइल इलाके में अचानक नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा, जिससे मकान को भारी नुकसान पहुंचा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में स्कूटी चालक शेख सौरव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस घर में ट्रक घुसा, वहां किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली, हालांकि मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद केशपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


