राजिम| कुंभ कल्प मेला के संत समागम स्थल पर यज्ञ कुंड से उठती सुगंध, घी की आहुतियों के साथ गूंजते वैदिक मंत्र और अनुशासित पंक्तियों में बैठे विद्यार्थी पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। दंडी स्वामी सच्चिदानंद तीर्थ महाराज के मंडप में आयोजित सरस्वती महायज्ञ में स्कूली छात्र-छात्राओं ने श्रद्धापूर्वक समिधा अर्पित कर अनुष्ठान को पूर्णता प्रदान की। संतों के सानिध्य में बच्चों ने विधि-विधान से आहुतियां दीं और “या कुंदेन्दु तुषारहार धवला” मंत्रोच्चार के साथ विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती की आराधना की। इस महायज्ञ में सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा के 75, सरस्वती शिशु मंदिर राजिम के 45 तथा नवकार पब्लिक स्कूल के लगभग 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। बच्चों के अनुशासन और समर्पण ने उपस्थित संतों और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।


