स्कूलों के आसपास पान दुकानों पर नगर निगम की रेड:गुटखा-सिगरेट के पैकेट जब्त; दोबारा बिक्री पर कोटपा एक्ट में सख्त कार्रवाई की चेतावनी

शहर में स्कूलों के आसपास नशे से जुड़ी चीजों की बिक्री रोकने के लिए नगर निगम की टीम ने औचक कार्रवाई की। नगर निगम जोन-1 के नगर निवेश विभाग और मुख्यालय के उड़न दस्ते ने खमतराई, गोगांव, भनपुरी और जनता कॉलोनी इलाके में कई पान दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान दुकानों में बिक्री के लिए रखे गुटखा, तंबाकू, सिगरेट और पान मसाला के कई पाउच मौके पर ही जब्त किए गए। टीम ने दुकान संचालकों को चेतावनी दी कि स्कूलों के आसपास दोबारा ऐसी वस्तुओं की बिक्री करते पाए जाने पर कोटपा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर के आदेश पर की गई। वहीं नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम ने स्कूलों के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया। टीम ने स्वामी आत्मानंद स्कूल गोगांव, शंकराचार्य स्कूल जनता कॉलोनी, पंडित काशीराम शर्मा स्कूल भनपुरी और खमतराई स्कूल के आसपास संचालित पान दुकानों का निरीक्षण किया। जोन-1 के जोन कमिश्नर के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों के आसपास नशे से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री करने वाले पान ठेलों और दुकानों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *