भास्कर न्यूज |लुधियाना सीटी यूनिवर्सिटी का 7वां वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह दो दिन का खेल समारोह जोश, उत्साह और ऊर्जा से भरपूर रहा। यूनिवर्सिटी का खेल मैदान खिलाड़ियों की भागीदारी और दर्शकों की तालियों से गूंजता रहा। विभिन्न स्कूलों के छात्र और स्टाफ सदस्यों ने ट्रैक और फील्ड प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और खेल भावना साफ नजर आई। इस मौके पर चांसलर चरणजीत सिंह चन्नी, प्रो चांसलर डॉ. मनबीर सिंह, वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन, प्रो वाइस चांसलर डॉ. सिमरनजीत कौर गिल, रजिस्ट्रार संजय खंडूरी और डायरेक्टर स्टूडेंट वेलफेयर इंजीनियर दविंदर सिंह मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। चांसलर चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं और पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी हैं। स्पोर्ट्स विभाग के प्रमुख गुरदीप सिंह ने कहा कि यह एथलेटिक मीट केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एकता और टीम भावना का उत्सव है। दो दिनों तक चला यह आयोजन खिलाड़ियों के लिए यादगार बन गया और यूनिवर्सिटी की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विजेताओं का शानदार प्रदर्शन : इस मीट में स्कूल ऑफ लॉ ने ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। टीम ने 9 गोल्ड, 6 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल जीते। साथ ही मार्च पास्ट ट्रॉफी भी हासिल की। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने 7 गोल्ड, 7 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरा स्थान संयुक्त रूप से स्कूल ऑफ साइंस और लिबरल आर्ट्स को मिला, जिन्होंने 4 गोल्ड, 4 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते। व्यक्तिगत प्रदर्शन में लड़कियों की श्रेणी में कोमलप्रीत कौर को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। उन्होंने 4 गोल्ड और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते। लड़कों की श्रेणी में निर्मल ने 2 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल के साथ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब हासिल किया। स्टाफ वर्ग में अक्षय ठाकुर ने पुरुष श्रेणी में 3 गोल्ड, 3 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का सम्मान पाया। महिला श्रेणी में अर्शदीप कौर ने 4 गोल्ड मेडल जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।


