स्कूल कार्यक्रम में असरानी बोले- शिक्षा ही असली सेवा:कोरबा में स्थापना दिवस में हुए शामिल, कहा- “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं”

कोरबा जिले के ग्राम खरहरकुड़ा मड़वारानी में नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल का 9वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोवर्धन असरानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। असरानी ने जंगलों के बीच स्थित इस स्कूल की पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में बच्चों को शिक्षा देना पुण्य का काम है। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजकुमार अग्रवाल के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए असरानी ने कहा कि यह व्यक्तिगत लाभ से ऊपर का काम है। इस अवसर पर असरानी ने अपनी चिर-परिचित अंदाज में कहा, “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं”, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस कार्यक्रम में फिल्मी दुनिया की चर्चा करने नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को देखने और सराहने आए हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली, राजयोग शिक्षिका ब्रह्मकुमारी दीदी बी.के. रचना और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर निर्वाचित पीएमजेएफ लायन विजय अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में लायंस डिस्ट्रिक्ट 3233सी के आगामी सत्र के नेतृत्वकर्ताओं, वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवियों और विद्यालय कर्मचारियों का सम्मान किया गया। लायंस क्लब द्वारा संचालित यह स्कूल आदिवासी बहुल क्षेत्र में शिक्षा की रोशनी फैलाने का कार्य कर रहा है। स्कूल की स्थापना से ग्रामीण और वनवासी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा मिली है, जो भविष्य में उनके सामाजिक और शैक्षणिक विकास में सहायक सिद्ध होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *