स्कूल में लोगों को साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूक किया गया

भास्कर न्यूज़ | अमलीपदर थाना अमलीपदर के नेतृत्व और तहसीलदार सुशील भाई के मार्गदर्शन में मुडगेलमाल हाई स्कूल परिसर में साइबर जन जागरूकता पखवाड़ा और ‘नया सवेरा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम के सभी व्यक्ति, हाई स्कूल के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साइबर क्षेत्र में बढ़ते धोखाधड़ी के मामलों पर जन जागरूकता फैलाना और बच्चों को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में थाना प्रभारी फैजूल साह ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में सावधानी और सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि यह न केवल उनके स्वास्थ्य को बल्कि उनके भविष्य को भी बर्बाद कर सकता है। बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों में शामिल होने और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया गया। तहसीलदार सुशील भाई ने कार्यक्रम में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज के विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के संदेश को अधिक से अधिक फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर हाई स्कूल के छात्रों ने भी साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति पर आधारित छोटे नाटक और भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को जागरूकता का संकल्प दिलाने के साथ हुआ। इस आयोजन की सराहना करते हुए ग्रामवासियों ने इसे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *