मनेंद्रगढ़ | दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़ में लोहड़ी, मकर संक्रांति और पोंगल मनाया गया। सर्दी के मौसम में सूर्य देव की उत्तरायण गति का स्वागत करते हुए स्कूल परिसर रंग-बिरंगे फूलों, तिल-गुड़ की मिठास और पारंपरिक लोकनृत्यों से सजा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कक्षा 9वीं की छात्राओं ने पारंपरिक पंजाबी नृत्य भांगड़ा और गिद्दा प्रस्तुत कर उत्साह बढ़ाया। नर्सरी की शिक्षिका अवनीत कौर ने लोहड़ी पर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि यह उत्तर भारत का प्रमुख लोकपर्व है, जो शीत ऋतु के अंत और नई फसल के स्वागत का प्रतीक है। विद्यालय के वरिष्ठ कला शिक्षक पृथ्वीराज ने पोंगल और मकर संक्रांति के पर्व की जानकारी दी और बताया कि ये पर्व प्रकृति, परिश्रम और कृतज्ञता का उत्सव हैं। उत्सव के दौरान लोहड़ी की परंपरा अनुसार विशाल अलाव जलाया गया, जिसमें छात्रों ने पीले वस्त्र धारण कर नृत्य किया और तिल-गुड़, चना प्रसाद ग्रहण किया। मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के छात्रों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्राचार्य ने कहा कि ये पर्व सूर्य की ऊर्जा और फसल की समृद्धि का संदेश देते हैं। स्कूल प्रबंधन ने सभी को तिल-गुड़ का प्रसाद वितरित किया और संक्रांति की शुभकामनाएं दी। यह उत्सव सांस्कृतिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लेकर आया।


