स्कूल में विद्यार्थियों ने बनाई मानव शृंखला

लुधियाना। एक राष्ट्र-एक चुनाव पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रवि बत्रा की अध्यक्षता में स्थानीय शिफाली स्कूल राहों रोड पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी, जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान व एक राष्ट्र- एक चुनाव युवा मोर्चा के प्रदेश संयोजक सौरव कपूर विशेष रूप से इस प्रोग्राम में शामिल हुए। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने एक राष्ट्र- एक चुनाव को लेकर मानव शृंखला बनाई। भाजपा नेताओं ने बताया कि लोकसभा के प्रथम आम चुनाव और सभी राज्य विधानसभाओं के चुनाव 1951-52 में एक साथ आयोजित कराए गए थे। यह अभ्यास वर्ष 1957, 1962 और 1967 में आयोजित अगले तीन आम चुनावों में भी जारी रहा। लेकिन वर्ष 1968 और 1969 में कुछ विधानसभाओं के समय-पूर्व विघटन के कारण यह चक्र बाधित हो गया था। वर्ष 1970 में स्वयं लोकसभा का समय-पूर्व विघटन हो गया और वर्ष 1971 में नए चुनाव आयोजित कराए गए। इस प्रकार, वर्ष 1970 तक केवल प्रथम, द्वितीय और तृतीय लोकसभा ने पांच वर्ष का नियत कार्यकाल पूरा किया। भाजपा जिला अध्यक्ष धीमान ने बताया कि बार-बार चुनाव आयोजित होने से शीर्ष नेताओं से लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों तक पूरे देश का ध्यान भटक जाता है, जिससे विभिन्न स्तरों पर प्रशासन एक तरह से तंग हो जाता है। बार-बार चुनाव का आयोजन राजनीतिक भ्रष्टाचार में योगदान करते हैं क्योंकि प्रत्येक चुनाव के लिये उल्लेखनीय मात्रा में धन जुटाने की आवश्यकता होती है। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के राजेश राणा, स्कूल के संस्थापक विशाल जैन, अनुभव जैन मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *