स्कूल यूनिफॉर्म में फंदे पर लटका मिला 5वीं का छात्र:मां काम से लौटी तो दरवाजा खुला मिला; परिवार का इकलौता बेटा था

रतलाम के बिरियाखेड़ी में बुधवार दोपहर 12 वर्षीय पांचवीं के छात्र का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। करीब 2 बजे मां जब काम से घर लौटी तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। वह हॉल की चौखट पर ममेरी बहन के दुपट्टे से बनाए गए फंदे पर लटका हुआ था। पड़ोसियों और रिश्तेदारों की मदद से छात्र को उतारा गया। उसे 80 फीट रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोपहर 4 बजे शव को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। शाम 5 बजे परिजन ने थाने जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। डेढ़ साल के बेटे की पहले ही हो चुकी है मौत
जानकारी के अनुसार, छात्र परिवार का इकलौता बेटा था। इससे पहले उनके एक अन्य बेटे की डेढ़ साल की उम्र में बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शव मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया है और गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम होगा। पिता ने रिश्तेदार के फोन के जरिये की थी बात
छात्र का स्कूल का समय सुबह 10 बजे से था। बुधवार को वह स्कूल नहीं गया था, लेकिन आत्महत्या के वक्त उसने स्कूल यूनिफॉर्म पहन रखी थी। सुबह काम पर जाने से पहले मां ने उसका टिफिन भी बना दिया था। पिता ने भी सुबह पड़ोस में रहने वाली रिश्तेदार (काकी) के फोन पर बेटे से बात की थी, तब बेटे ने आज स्कूल जाने से मना कर दिया था। पुलिस मर्ग कायम कर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की मामा की लड़की भी परिवार के साथ रहकर पढ़ाई करती है। परिजनों के मुताबिक, उसके दुपट्‌टे से ही फांसी का फंदा बनाया गया। घटना के समय वह ममेरी बहन भी स्कूल गई हुई थी। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी के मुताबिक, मर्ग कायम कर लिया गया है। घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया जांच में छात्र ने आत्महत्या की है। पिता बोले- आज वह स्कूल नहीं गया था
मैं मिठाई की दुकान पर काम करता हूं। आज सुबह 8 बजे मैं काम पर चला गया था। पत्नी शारदा भी काम पर चली गई थी। घर पर बेटा अकेला था। वह आज स्कूल नहीं गया था। दोपहर में पत्नी शारदा घर पर आई। उसने देखा बेटा हॉल की चौखट पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। पत्नी ने पड़ोसी विकास डामोर को घटना की जानकारी दी। विकास ने फोन पर मुझे बताया। मैं घर पहुंचा तो पड़ोसी विकास, पत्नी शारदा व दौल सिंह ने बेटे को फंदा से नीचे उतार लिया था। हम उसे लेकर गायत्री हॉस्पिटल गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के लिए उसका शव रतलाम मेडिकल कॉलेज में रखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *