स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म, आरोपी धराया

रायडीह थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है। घटना उस समय हुई जब वह स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव का ही 19 वर्षीय युवक स्टेफन कुजर, पिता सुबोध कुजर, ने उसे रास्ते में जबरन अगवा कर लिया। आरोप है कि युवक पीड़िता को अपने घर के पीछे एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाया कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। डरी-सहमी छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने साहस दिखाते हुए तत्काल रायडीह थाना पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर आरोपी स्टेफन कुजर को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि 18 फरवरी को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। इधर, पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसका बयान न्यायालय में दर्ज कराया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़िता को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *