भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोपा में पुलिस ने शुक्रवार को एक वाहन में 1.50 टन स्क्रैप जब्त करने के बाद शनिवार प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह स्क्रैप सीसीएल कबरीबाद स्टोर से चोरी की गई थी। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। एसआई संजय कुमार ने कहा कि शुक्रवार को थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कोपा में सीसीएल स्टोर से चोरी की गई स्क्रैप वाहन में लोड कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने एसआई संजय कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। छापेमारी दल ने कोपा पहुंचकर वाहन जब्त कर ली । वाहन में सीसीएल का 1.50 टन स्क्रैप लोड पाया गया। सभी आरोपी पुलिस को देखकर भाग निकले। एसआई संजय कुमार ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर कोपा निवासी आजाद दास उर्फ किला दास, पवन दास, पियो दास, भेभरी दास, बेंगु दास और टाटा मैजिक वाहन मालिक सहित अन्य 4-5 लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने आवेदन को गंभीरता से लेते हुए थाना कांड संख्या 147/025 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


