भास्कर न्यूज़| लुधियाना फैशन की दुनिया में हर सीजन कुछ ऐसे ट्रेंड आते हैं जो साधारण कपड़ों को भी नया और आकर्षक रूप दे देते हैं। इन दिनों चंकी बेल्ट्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। कॉटन ड्रेस, ओवरसाइज शर्ट, टी-शर्ट या डेनिम के साथ मोटी और स्टाइलिश बेल्ट पहनना युवाओं के बीच नया फैशन ट्रेंड बन गया है। फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार बेल्ट अब सिर्फ कपड़ों को फिट रखने का साधन नहीं रह गई, बल्कि यह पूरे आउटफिट का फोकस पॉइंट बन गई है। फैशन शो के प्रभाव से यह ट्रेंड तेजी से फैल रहा है। कई डिजाइनर और स्टाइलिस्ट भी अब आउटफिट को खास बनाने के लिए चंकी बेल्ट का इस्तेमाल कर रहे हैं। खास बात यह है कि यह एक्सेसरी साधारण ड्रेस को भी स्टाइलिश और स्मार्ट लुक दे देती है। फैशन के बदलते दौर में चंकी बेल्ट्स और वेस्ट बेजल्स उन एक्सेसरीज में शामिल हो गई हैं जो कम मेहनत में भी आउटफिट को खास बना देती हैं। यही वजह है कि युवाओं के वार्डरोब में अब यह स्टाइलिश बेल्ट तेजी से जगह बना रही हैं। कॉटन या फ्लोई ड्रेस अक्सर ढीली और साधारण दिखाई देती हैं। ऐसे में कमर पर चंकी बेल्ट लगाने से ड्रेस को नया आकार मिलता है और बॉडी शेप भी बेहतर दिखती है। फैशन विशेषज्ञों का मानना है कि बड़ी बेल्ट ढीले कपड़ों को संतुलित करती है और कमर को उभारती है, जिससे पूरा लुक ज्यादा आकर्षक बन जाता है। डेनिम और शर्ट के साथ बढ़ता ट्रेंड : डेनिम जींस या स्कर्ट के साथ चौड़ी बेल्ट पहनना युवाओं में खासा लोकप्रिय हो रहा है। शर्ट को थोड़ा टक करके उस पर मोटी बेल्ट पहनने से आउटफिट में कैज़ुअल के साथ-साथ स्मार्ट टच भी जुड़ जाता है। फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार यह स्टाइल ऑफिस, कॉलेज और कैजुअल आउटिंग सभी के लिए उपयुक्त माना जाता है। ओवरसाइज कपड़ों के साथ बनता संतुलन : आजकल ओवरसाइज जैकेट, शर्ट और ढीली ड्रेस का फैशन काफी चल रहा है। ऐसे कपड़ों के साथ चंकी बेल्ट पहनने से आउटफिट में संतुलन आता है और लुक ज्यादा व्यवस्थित लगता है। फैशन रिपोर्ट्स के मुताबिक बड़े एक्सेसरीज़ का ट्रेंड भी इसी वजह से बढ़ा है क्योंकि यह ढीले सिल्हूट वाले कपड़ों के साथ बेहतर मेल खाते हैं। स्टेटमेंट एक्सेसरी बन रही बेल्ट : अब बेल्ट केवल जरूरत नहीं बल्कि स्टाइल का प्रतीक बन गई है। बड़े बकल, अलग-अलग टेक्सचर और मेटल डिजाइन वाली बेल्ट्स आउटफिट को खास बना देती हैं। कई फैशन विशेषज्ञ इसे स्टेटमेंट एक्सेसरी मानते हैं क्योंकि यह साधारण कपड़ों को भी आकर्षक बना देती है। स्टाइल के लिए अपनाएं ये तरीके : फैशन स्टाइलिस्ट सलाह देते हैं कि चंकी बेल्ट चुनते समय आउटफिट का रंग और फैब्रिक ध्यान में रखें। कॉटन ड्रेस के साथ ब्राउन या टैन बेल्ट अच्छी लगती है, जबकि डेनिम के साथ ब्लैक या मेटल बकल वाली बेल्ट ज्यादा आकर्षक दिखती है। इसके अलावा शर्ट ड्रेस, जंपसूट या लंबी कुर्ती के साथ भी कमर पर बेल्ट पहनकर नया स्टाइल बनाया जा सकता है। {


