अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग में नगर पंचायत जरही की सड़क पार करने के दौरान बाइक सवार ट्रेलर से टकरा गए। हादसे में बाइक चला रहे कॉलरी कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है। बाइक में पीछे बैठे व्यक्ति को भी चोट आई हैं। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना भटगांव थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएन 9910 सिंगरौली से माल खाली कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जरही के भारत माता चौक के पास बाइक क्रमांक सीजी 15 डीई 2685 में सवार दो लोग ट्रेलर के चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि शिवानी खदान में कार्यरत कालरीकर्मी समित लाल (55 वर्ष) अपने साथी के साथ जरही की ओर आ रहा था। भारत माता चौक में वे ट्रेलर से टकरा गए। हादसे का वीडियो आया सामने, जांच में जुटी पुलिस
हादसे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक ट्रेलर के सड़क से गुजरने के बाद उसके पीछे आ रहे दूसरे ट्रेलर को अनदेखा कर बाइक सवार सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे। ट्रेलर चालक ने बाइक सवारों को देखकर सड़क से गाड़ी मोड़ना शुरू किया, लेकिन इससे पहले की ट्रेलर की रफ्तार कम हो पाती, बाइक सवार ट्रेलर से टकरा गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर भेज दिया गया। हॉस्पिटल में समित लाल की मौत हो गई। भटगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना के बाद कुछ समय के लिए नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।


