लेकसिटी के सिटी रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का इंतज़ार अब अंतिम चरण में है। करीब 354 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा नया स्टेशन मेवाड़ की पारंपरिक शाही वास्तुकला और आधुनिक तकनीक का अनोखा मिश्रण होगा। स्टेशन का सिविल कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और अब फिनिशिंग व इंस्टॉलेशन का काम तेजी से चल रहा है। वर्तमान में स्टेशन की वेस्ट और ईस्ट साइड की मुख्य इमारतें तैयार हो चुकी हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर जी+3 बिल्डिंग का ढांचा खड़ा है, जहां कांच की फिटिंग और इंटीरियर फिनिशिंग की जा रही है। प्लेटफॉर्म के ऊपर बनने वाला 72 मीटर चौड़ा एयर कॉनकोर्स भी अंतिम चरण में है। रेलवे ने अगस्त 2026 तक स्टेशन को पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य रखा है, जबकि प्रमुख सुविधाओं का ट्रायल जल्द शुरू होने की उम्मीद है। 5 बड़ी खासियतें 1. हेरिटेज-मॉडर्न डिजाइन: बाहरी हिस्से में झरोखे और शाही स्थापत्य शैली होगी, जबकि अंदरूनी सुविधाएं इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी आधुनिक होंगी। 2. नो-क्रॉसिंग मूवमेंट सिस्टम:आने और जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग गेट और रास्ते होंगे, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ और अव्यवस्था कम होगी। 3. स्मार्ट पार्किंग सुविधा: करीब 11,000 वर्ग मीटर में पार्किंग एरिया बनेगा, जहां एक साथ सैकड़ों वाहन सुरक्षित खड़े किए जा सकेंगे। 4. ग्रीन एनर्जी स्टेशन: 2020 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगेंगे, जिससे स्टेशन अपनी बिजली की बड़ी जरूरत खुद पूरी करेगा। 5. हाई-टेक कनेक्टिविटी: 20 लिफ्ट और 26 एस्केलेटर लगाए जाएंगे, जिससे बुजुर्गों औरदिव्यांग यात्रियों को सुगम आवागमन मिलेगा।


