दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक स्ट्रीट डॉग को बेरहमी से पीटकर मारने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। वारदात 1 मार्च की रात करीब 3:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक एमपीईबी चौक इलाके में रहने वाले मदन साहू ने थाना जामुल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के ही दो युवक, मुर्तुजा अली और राहुल मारकण्डे, गली में घूमने वाले एक कुत्ते को डंडे और लात-घूंसों से बुरी तरह मार रहे थे। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह होते ही आरोपियों को किया गिरफ्तार
रिपोर्ट मिलते ही जामुल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बिना देर किए टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कुत्ते को मारने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मुर्तुजा अली, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड 01 जामुल और राहुल मारकण्डे, उम्र 23 वर्ष, निवासी साईं मंदिर के पास जामुल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।


