स्पीकर संधवां ने बच्चों में मोबाइल लत पर चिंता जताई:फरीदकोट में बोले- पढ़ाई और सेहत दोनों प्रभावित, अभिभावकों को रहना होगा सतर्क

फरीदकोट में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल फोन की लत को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों और आम लोगों से जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन बच्चों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है, लेकिन इसकी अत्यधिक उपयोग से बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। स्पीकर संधवां ने कहा कि लंबे समय तक मोबाइल स्क्रीन देखने से बच्चों की आंखों की रोशनी कमजोर हो रही है और उन्हें सिरदर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा देर रात तक मोबाइल इस्तेमाल करने की आदत के कारण बच्चों की नींद भी पूरी नहीं हो पाती, जिससे उनके स्वास्थ्य और पढ़ाई दोनों पर नकारात्मक असर पड़ता है। मोबाइल बच्चों की पढ़ाई में बन रहा बाधा संधवां कहा कि मोबाइल की लत के कारण बच्चों का पढ़ाई में ध्यान कम होता जा रहा है और वे धीरे-धीरे परिवार के सदस्यों से भी दूर होते जा रहे हैं। पहले जहां बच्चे अपने दोस्तों के साथ बाहर खेलते थे, वहीं अब वे अधिक समय मोबाइल पर गेम खेलने या सोशल मीडिया देखने में बिताते हैं, जिससे उनकी शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं और कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। साइबर ठगी की बढ़ जाती संभावना इसके अलावा छोटे बच्चों के पास मोबाइल से साइबर ठगी की संभावना भी बढ़ जाती है। स्पीकर संधवां ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के मोबाइल उपयोग पर ध्यान दें और उनका स्क्रीन टाइम सीमित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को किताबें पढ़ने, खेल-कूद में भाग लेने और रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना बेहद जरूरी है ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। अभिभावक से की अपील उन्होंने यह भी कहा कि अगर अभिभावक, शिक्षक और समाज मिलकर इस मुद्दे पर जागरूकता फैलाएं, तो बच्चों को मोबाइल के दुष्प्रभाव से बचाया जा सकता है और उनका भविष्य सुरक्षित व उज्ज्वल बनाया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *