स्वयंसेवकों ने किया सूर्य नमस्कार राष्ट्र निर्माण का संकल्प भी लिया

भास्कर न्यूज | चिरमिरी गोदरी पारा स्थित बी टाइप दुर्गा पंडाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शिवाजी व्यवसायी शाखा का वार्षिकोत्सव उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही, जिससे परिसर में संगठनात्मक एकता और ऊर्जा का माहौल दिखाई दिया। समारोह में डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य एसके पांडेय, आरएसएस विभाग संचालक प्रणव चक्रवर्ती और नगर संचालक प्रफुल्ल पोलाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वयंसेवकों ने पारंपरिक स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत संघ प्रार्थना से हुई। इसके बाद गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने सूर्य नमस्कार, दण्ड योग, निःयुद्ध, समता और विभिन्न शारीरिक व्यायामों का सामूहिक प्रदर्शन किया। इन अभ्यासों ने अनुशासन, समन्वय और शारीरिक दक्षता का प्रभावशाली परिचय दिया। वार्षिकोत्सव में बौद्धिक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें शाखा की वर्ष भर की गतिविधियों, सेवा कार्यों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने समाजसेवा, संस्कार निर्माण और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। मुख्य वक्ता डॉ. उमाशंकर मिश्र ने राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और हिंदुत्व के महत्व पर प्रेरक व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं से देशहित में कार्य करने और समाज सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *