बड़वानी | शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी की रासेयो इकाई ने आशा निराश्रित वृद्धा आश्रम व पुनर्वास केंद्र, आशा ग्राम बड़वानी में सेवा व जागरूकता कार्यक्रम किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने बताया ऐसे भ्रमण छात्रों में संवेदनशीलता, पर्यावरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता तथा चिंतन प्रक्रिया विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वयंसेवक वृद्ध आश्रम व पुनर्वास केंद्र पहुंचे व वहां की व्यवस्थाओं को समझा। आश्रम प्रबंधक साधना भावसार व फील्ड मैनेजर समाधान पाटिल ने आश्रम संचालन, दैनिक गतिविधियों व पुनर्वास कार्यों की जानकारी साझा की। स्वयंसेवकों ने आश्रम परिसर में सफाई की व पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रो. आरआर मुवेल ने कहा जरूरतमंदों की सेवा करना एनएसएस का मूल उद्देश्य है। कार्यक्रम में वृद्वजनों ने स्वयंसेवकों के सेवा भाव की सराहना करते हुए आशीर्वाद दिया।


