भास्कर न्यूज | परपोड़ी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत परपोड़ी के राजीव गांधी अंग्रेजी-हिंदी विद्यालय को शामिल किया गया। शुरुआत में जिला मुख्यालय से शिक्षक, बाबू और चपरासी की भर्ती की गई। लेकिन अब तक न सभी शिक्षकों की नियुक्ति हुई, न ही बच्चों को किताबें मिलीं। मौजूदा शिक्षा सत्र में बच्चे पढ़ाई में आधा महीना पीछे हो चुके हैं। यहां हिंदी माध्यम में 36 पद स्वीकृत हैं। इनमें 23 शिक्षक कार्यरत हैं। 13 पद खाली हैं। वहीं स्कूल की दर्ज संख्या 490 है। जिनमें छठवीं, सातवीं और आठवीं कक्षा में कुल 100 छात्र हैं। नवमी में 150, दसवीं में 87, ग्यारहवीं में 156 और बारहवीं में 97 छात्र हैं। इसके अलावा अंग्रेजी माध्यम में कक्षा एक से बारहवीं तक 24 पद स्वीकृत हैं। इनमें 17 शिक्षक कार्यरत हैं। 7 पद खाली हैं। अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में बाबू और चपरासी तक की कमी बनी हुई है। साथ ही बच्चों के लिए पर्याप्त कमरे नहीं हैं। पहली पाली में अंग्रेजी माध्यम के छात्र पढ़ते हैं। स्कूल खुले 15 दिन से अधिक हो चुका है।लेकिन अब तक पुस्तक वितरण नहीं हुआ है। प्राचार्य श्रवण कुमार महोबिया ने बताया कि किताबों पर बार कोड लगाया जा रहा है। बच्चों को नाम के अनुसार किताबें दी जाएंगी। इसी कारण अब तक किताबें नहीं मिल पाई हैं। फिलहाल पुराने किताबों से पढ़ाई हो रही है।