भास्कर न्यूज | बेमेतरा नगर के वार्ड क्रमांक 16 में रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बुजुर्गों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकीय परामर्श लिया। शिविर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव होता है। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है। उन्होंने नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित जीवनशैली अपनाने की बात कही। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच, नेत्र परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने लोगों को खानपान, व्यायाम और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने कहा कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को अपने ही वार्ड में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो पाती हैं।


