स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, बाल व महिला कल्याण में सुधार के लिए कई योजनाएं

भास्कर न्यूज | हजारीबाग डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक शनिवार को उपायुक्त नैन्सी सहाय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरही विधायक मनोज यादव, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और मांडू विधायक निर्मल महतो उपस्थित रहे। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि डीएमएफटी मद से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित इलाकों में प्राथमिक सेक्टर खासकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, महिला एवं बाल विकास एवं द्वितीय सेक्टर में कौशल विकास प्रशिक्षण सहित खनन प्रभावित इलाकों में आधारभूत सुविधाओं की दिशा में कार्य किए गए। उन्होंने बताया कि डीएमएफटी मद का 70 प्रतिशत हिस्सा उच्च प्राथमिकता वाले सेक्टर में खर्च किया जाता है। ज़िला प्रशासन खनन प्रभावित इलाकों में लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, बाल व महिला कल्याण सहित मूलभूत सुविधाओं में गुणात्मक सुधार के लिए कई तरह की योजनाओं का क्रियान्वयन कर रहा है। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि ज़िला के 576 आंगनबाड़ी केंद्रों को डीएमएफटी मद से मॉडलीकरण किया गया है साथ ही मॉडल एस्टीमेट व पोषक इलाकों में जमीन चिन्हित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए है। उपायुक्त ने न्यास परिषद की बैठक में विस्तृत रूप से डीएमएफटी मद से किए गए आय व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। मौके पर मौजूद हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने डीएमएफटी मद से किसानों के लिए सिंचाई योजना पर विशेष प्रस्तावों को तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद से स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है उन्हें यत्र तत्र पोस्टिंग न कर उन्हें यथावत अपने संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में ही सुचारू रूप से कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न चौक चौराहों पर सोलर चलित हाई मास्क लाइट लगाने को कहा। सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने पुराना सदर ब्लॉक में महिला ट्रेनिंग सेंटर या विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय निर्माण करने की बात कही। जिला खनिज फाउण्डेशन ट्रस्ट, हजारीबाग के न्यास परिषद की बैठक में करीब 20 प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया गया। हजारीबाग झील परिसर में वन चेतना केन्द्र के निर्माण कार्य पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी न्यूटन तिर्की, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी व जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी व मुखिया गण मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *