हजारीबाग में बड़कागांव के चिरैया नदी के पास स्थित एक कुएं से गुरुवार को 19 वर्षीय सविता कुमारी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। सविता की शादी 2024 में मेजर कुमार से हुई थी। शादी के एक माह बाद विश्रामपुर निवासी अनिल प्रजापति उसे भगा ले गया। अनिल ने सविता से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद वह सविता के परिवार से 7 लाख रुपए और एक अपाची बाइक की मांग कर रहा था। मृतका की मां सोनिया देवी ने बताया कि उन्होंने 16 फरवरी को थाने में बेटी की सुरक्षा के लिए आवेदन दिया था। उनका आरोप है कि बेटी की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। शव बरामदगी के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच विवाद हुआ। परिजनों का कहना था कि बिना पहचान कराए शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि यह नियमानुसार अनिवार्य प्रक्रिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। परिजनों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


