हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़कागांव प्रखंड के राजस्व कर्मचारी प्रहलाद मांझी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। मांझी को अंचल कार्यालय परिसर से दोपहर के समय पकड़ा गया। बकाउल्लाह खान नाम के आवेदक ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि प्रहलाद मांझी ने उनकी जमीन के LPC (भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र)) के लिए 5000 रुपए की मांग की थी। जमीन का खाता नंबर 21 और प्लॉट नंबर 98,378 है, जिसका रकबा 26½ डिसमिल है। बकाउल्लाह खान ने 10 दिन पहले अंचल कार्यालय में फॉर्म जमा किया था। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज ACB ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद कार्रवाई की। प्रहलाद मांझी को 3000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उन्हें ACB कार्यालय ले जाया गया, जहां पूछताछ की जा रही है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। हजारीबाग ACB के एसपी आरिफ इकराम ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि रिश्वत की मांग की शिकायत ACB से करें। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य सरकारी कार्यालयों में सतर्कता बढ़ गई है।


