वीडियो कॉल पर बात करते हुए स्कूटी चला रहे युवक का एक्सीडेंट हो गया। अचानक सामने कार आ जाने से स्कूटी सवार ने ब्रेक लगाए, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने रौंद दिया। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसा हजीरा थाना क्षेत्र के यादव धर्मकांटा के पास का है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस फरार लोडिंग वाहन की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार उपनगर मुरार के लालटिपारा निवासी 28 वर्षीय दीपक सिंह तोमर प्राइवेट नौकरी करते थे। रविवार को दीपक किसी जरूरी काम से स्कूटी से हजीरा जा रहे थे। हजीरा यादव धर्मकांटा के पास अचानक सामने से एक कार आ गई। कार को देखकर दीपक ने एक हाथ से स्कूटी का ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक लोडिंग वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी और दीपक को रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपक को अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही परिजनों को भी खबर दी गई, लेकिन इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया। फुटेज की मदद से वाहन की तलाश में जुटी पुलिस हजीरा थाना टीआई जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में युवक स्कूटी चलाते हुए मोबाइल पर बात करता नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। सीसीटीवी में दर्दनाक सड़क हादसा कैद हुआ पुलिस जांच में सामने आया कि पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा हादसा कैद हो गया है। फुटेज में दीपक स्कूटी चलाते हुए मोबाइल हाथ में पकड़े किसी से वीडियो कॉल पर बात करते नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर लोडिंग वाहन की तलाश में जुटी हुई है।


