हटिया रेलवे स्टेशन से 14 किलो गांजा के साथ एक हुआ गिरफ्तार

रांची | रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) क्राइम ब्रांच और आरपीएफ पोस्ट हटिया की संयुक्त टीम ने रविवार को हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई ऑपरेशन नार्कोस के तहत की गई। सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर संदिग्ध व्यक्ति संदीप कुमार उर्फ चित्रंजन कुमार (18 वर्ष, निवासी जिला कैमूर, बिहार) को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास ग्रे ट्रॉली बैग और काले पिट्ठू बैग में रखे 07 पैकेट से कुल 14 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 7,00,000 रुपए आंकी गई। बरामद गांजा की जांच डीडी किट से की गई, जो सकारात्मक पाई गई। आरोपी के पास वैध दस्तावेज न होने के कारण उसे एनडीपीएस अधिनियम-1985 के तहत जीआरपी-हटिया को सुपुर्द किया गया। इसके तहत मामला दर्ज किया गया। इस सफल कार्रवाई में इंस्पेक्टर समीर कर्माकर, एसआई दीपक कुमार, एएसआई अनिल कुमार, एएसआई अभिषेक कुमार, स्टाफ एस. एस. लिंडा और कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही। कमांडेंट पवन कुमार ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों व रेलवे परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *