सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम भगवार में हुई नृशंस हत्या के मुख्य आरोपी कामता प्रसाद केवट उर्फ लाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद सोमवार देर शाम करीब 7 बजे उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी कुसमी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार लोहे का गड़ासा भी जब्त कर लिया है। मामले की जानकारी फरियादी धीरेश कुमार द्विवेदी (42), निवासी भगवार ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8:15 बजे उन्हें हल्ला-गुहार सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि आरोपी कामता केवट, दलप्रताप नापित के घर के सामने लोहे के गड़ासे से उनके चाचा इंद्रभान द्विवेदी पर हमला कर रहा था। धमकी देकर हुआ था फरार फरियादी के अनुसार, आरोपी बचाव करने वालों और राहगीरों को गाली देते हुए हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। फरियादी ने बताया कि पास जाकर देखने पर उनके चाचा इंद्रभान द्विवेदी मृत अवस्था में पड़े थे। उनकी बाइक उनके पैर के ऊपर गिरी हुई थी। घटनास्थल पर काफी खून फैला था और मृतक के सिर और मुंह पर गंभीर चोटों के निशान थे। इस रिपोर्ट के आधार पर कुसमी थाना में अपराध क्रमांक 29/26 अंतर्गत धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए, सीधी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


