कटनी में ग्राम नन्हवारा खुर्द के अंधे कत्ल मामले में बड़वारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आठ महीने से फरार चल रहे हत्या के आरोपी दीपक कोल को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया गया है। वह अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल ने सोमवार को इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 22 जून 2025 को ग्राम नन्हवारा खुर्द निवासी 35 वर्षीय संदीप चौधरी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 348/25 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के तुरंत बाद मुख्य आरोपी दारा सिंह, सोमनाथ कोल और गोविंद प्रसाद कोल को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, 20 वर्षीय आरोपी दीपक कोल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। तकनीकी साक्ष्य, सीडीआर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दीपक कोल पुणे, महाराष्ट्र में छिपा हुआ है। लोकेशन की पुष्टि होने के बाद थाना प्रभारी ने तत्काल एक टीम को पुणे रवाना किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे वापस कटनी लाकर स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


