अमृतसर | सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड कर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में मत्तेवाल थाना पुलिस ने 3 युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की पहचान हरजिंदर सिंह, प्रभदीप सिंह और करनदीप सिंह, सभी निवासी मत्तेवाल के रूप में हुई है। थाना मत्तेवाल में तैनात एएसआई करम सिंह ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी, इसी दौरान एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त आरोपी कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर हथियारों के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं और लोगों में डर का माहौल बना रहे हैं। सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है ।


