हनुमंत कथा प्रचार टीम ब्यावर पहुंची:जिला व्यापार संघ अध्यक्ष को निमंत्रण, 13 फरवरी को बैठक

तीर्थराज पुष्कर में 23 से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के लिए ब्यावर शहर में जनसंपर्क अभियान शुरू हो गया है। कथा के प्रचार-प्रसार के लिए गठित टीम गुरुवार को ब्यावर पहुंची और औपचारिक रूप से आमंत्रण अभियान की शुरुआत की। प्रचार टीम ने सबसे पहले ब्यावर जिला व्यापार संघ और श्रीमद्भागवत प्रभात फेरी परिवार के अध्यक्ष संजय घीया से मुलाकात की। उन्हें कथा में शामिल होने के लिए पत्रक और पारंपरिक रूप से पीले चावल भेंट कर निमंत्रण दिया गया।

इस अवसर पर संजय घीया ने कथा आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने व्यापारिक वर्ग की ओर से सहयोग का आश्वासन भी दिया। सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरू (राजस्थान) का प्रतिनिधिमंडल शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों से संपर्क कर बैठक और कथा में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान कर रहा है। इस प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष अजय शर्मा (पूर्व न्यायाधीश), वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर अशोक शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप शर्मा और महासचिव देवेंद्र त्रिपाठी शामिल हैं। हनुमंत कथा के व्यापक प्रचार-प्रसार और ब्यावर से श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 13 फरवरी को दोपहर 3 बजे एक विशेष सनातनी बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक बी.एल. सोनी स्कूल, विजयनगर रोड (दादावाड़ी के आगे) में होगी। बैठक में उपस्थित श्रद्धालुओं को पीले चावल देकर पुष्कर में कथा में आने का पारंपरिक निमंत्रण दिया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक और अखिल भारत हिन्दू क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद सोनी ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में पहुंचने का आग्रह किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *