हनुमानगढ़ कृषि मेले में उमड़ी किसानों की भीड़:जैविक खेती, ड्रोन और उन्नत मशीनरी पर दिया गया जोर

हनुमानगढ़ में तीन दिवसीय कृषि मेले ‘पंच गौरव अन्नदाता से अन्नपूर्णा तक का समृद्धि पथ’ के दूसरे दिन रविवार को किसानों की भारी भीड़ उमड़ी। इस मेले का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन, एमएसएमई और खुशालदास विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है। मेले में ड्रोन, सेंसर आधारित सिस्टम, उन्नत ट्रैक्टर, आधुनिक कृषि मशीनरी, जैविक बीज, खाद, पशुपालन, डेयरी, मधुमक्खी पालन और बागवानी से जुड़े स्टॉल किसानों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। वैज्ञानिक संवाद सत्रों में विशेषज्ञों ने खेती की नई तकनीकों और आय बढ़ाने के उपायों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। राजस्थानी और हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आयोजन में विशेष रंग भरा।
वैज्ञानिक संवाद सत्रों में प्रो. एमपीएस चंद्रावत ने कचरे से रसायन निर्माण कर अतिरिक्त आय प्राप्त करने के तरीके बताए। वहीं, डॉ. ओ.पी. विश्नोई ने उन्नत गेहूं और जौ की किस्मों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विधायक गणेशराज बंसल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मेले का निरीक्षण किया। मंच से भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने मुख्यमंत्री द्वारा गेहूं पर पूर्व की भांति 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस जारी रखने की घोषणा की जानकारी दी। किसानों ने इस घोषणा का तालियां बजाकर स्वागत किया। पशु प्रदर्शनी में साहीवाल बछड़ी, मुर्रा भैंस, बीटल और बारबरी बकरी नस्ल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। हरियाणवी गायक राज मावर और हास्य कलाकार ख्याली सहारण की प्रस्तुतियों ने किसानों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले का समापन समारोह सोमवार को आयोजित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *