हनुमानगढ़ टाउन में बाबा खाटूश्याम जी की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा का आयोजन धार्मिक उल्लास के साथ शुरू हो गया है। बुधवार को कलश और ध्वज शोभायात्रा के साथ इस आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
शोभायात्रा नई धान मंडी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई। यजमान मनोज पारीक, प्रेम तावनिया और मुरलीधर गर्ग ने अपनी पत्नियों के साथ पूजन में भाग लिया। पंडित विपिन बिहारी शास्त्री और पंडित राम नारायण शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। आरती के बाद फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला, सचिव दलीप ढिल्लों और पूर्व सचिव सन्नी जुनेजा ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। कलश और ध्वज लेकर श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए मुख्य बाजारों और मार्गों से निकले। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की कतारें और जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। यह यात्रा फाटक गोशाला पहुंचकर संपन्न हुई। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी कथा
फाटक गोशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन 18 से 22 फरवरी तक बरकत कॉलोनी, किले के पास स्थित फाटक गोशाला में गोमाता के सानिध्य में होगा।
कथा व्यास केपी लाटा, जो मोरछड़ी दरबार पदमपुर के निज सेवक हैं, प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कथा वाचन करेंगे। आयोजकों के अनुसार, नगर में पहली बार इस प्रकार की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा आयोजित हो रही है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।


