हनुमानगढ़ जिले में चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं। सोमवार को अलग-अलग थानों में चोरी के 2 मामले दर्ज किए गए। इनमें जंक्शन क्षेत्र में एक वैरायटी स्टोर से नकदी और सामान चोरी हुआ, जबकि नोहर क्षेत्र में एक खेत से सोलर सिस्टम के तार और स्प्रिंकलर सेट गायब हो गए। जंक्शन स्थित जय हनुमान वैरायटी स्टोर में चोरों ने सेंधमारी की। हाउसिंग बोर्ड निवासी मोहनलाल अग्रवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका स्टोर श्रीगंगानगर रोड पर शंकर धर्मकांटा के पास है। 16 फरवरी की रात करीब 9 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर शटर के ताले टूटे मिले और कांच का गेट भी क्षतिग्रस्त था। दुकान से लगभग 250 डिब्बी सिगरेट, 10 डिब्बे चॉकलेट, 5 पैकेट बीड़ी, 2 पैकेट रजनीगंधा, काउंटर में रखे 17,700 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। पीड़ित ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पास में लगे शंकर धर्मकांटा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर 17 फरवरी तड़के 3 से 4 बजे के बीच दो अज्ञात व्यक्ति दुकान में चोरी करते हुए दिखाई दिए। दूसरी घटना नोहर थाना क्षेत्र की है, जहां एक खेत से सोलर सिस्टम के तार और स्प्रिंकलर सेट चोरी हो गए। गांव बड़बिराना निवासी लीलाधर ने नोहर थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज करवाई। परिवादी के अनुसार, चोरी 17 फरवरी की रात में हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


