हनुमानगढ़ जिले में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। ग्रामीण इलाकों में भी छिटपुट कोहरे की स्थिति देखी गई। हालांकि, सूरज निकलने के साथ मौसम साफ हो गया और दिनभर सुहावना रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले दिनों सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार मध्यरात्रि को जिलेभर में झमाझम बारिश हुई थी। सभी ब्लॉकों में कुल 133 एमएम वर्षा दर्ज की गई। इस बारिश से महज तीन दिनों में तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। 15-16 फरवरी को अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो बारिश के बाद कम हो गया। न्यूनतम तापमान भी 15 से घटकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने 17 से 19 फरवरी के बीच वर्षा का अलर्ट जारी किया था। आगामी एक-दो दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। मौसम में आई इस ठंडक से आमजन को गर्मी से राहत मिली है।
कृषि विभाग के अनुसार, यह मौसम रबी फसलों के लिए अनुकूल है। जिले में इस बार 2.39 लाख हेक्टेयर में गेहूं और 2 लाख हेक्टेयर में सरसों की बुवाई की गई है। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी है, जिससे किसानों को एक बार की सिंचाई का पानी बचाने का लाभ मिलेगा। दाना भराव की अवस्था में खड़ी फसलों को इस नमी से मजबूती मिलेगी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद है।


