हनुमानगढ़ के भादरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद बाइक चोरी का मामला सामने आया है। हरियाणा के चाहरवाला निवासी संतोष ने भादरा थाने में अज्ञात कार ड्राइवर और बाइक चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़ित संतोष ने पुलिस को बताया कि 29 जनवरी को वह अपने पति और बेटे के साथ बाइक पर भादरा इलाज के लिए आई थीं।
शाम करीब 4:30 बजे, जब वे भादरा-सिरसा रोड बाईपास पर व्यास डेरा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को भादरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। संतोष के अनुसार, घटनास्थल पर एक युवक आया और उसने कहा कि वह उनकी बाइक लेकर अस्पताल आ रहा है। हालांकि, वह युवक अस्पताल नहीं पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद जब परिवारजन घटनास्थल पर वापस लौटे, तो उन्हें बाइक वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल पाया। स्वास्थ्य ठीक होने के बाद संतोष ने अज्ञात कार ड्राइवर और बाइक ले जाने वाले अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई दुनीराम को सौंपी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना और चोरी, दोनों पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


