हनुमानगढ़ के रावतसर थाना इलाके में एक 7 साल के बच्चे पर फायरिंग का मामला सामने आया है। यह घटना रविवार दोपहर चक 7 डीडब्ल्यूडी नाथावाला में हुई। घायल बच्चे को रावतसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चक 7 डीडब्ल्यूडी निवासी रामस्वरूप ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे उनके भाई का पोता दुकान पर बिस्किट लेने जा रहा था। गली में पहुंचने पर पड़ोसी बुगली ने कथित तौर पर उस पर बंदूक से फायर कर दिया। जान से मारने की नीयत से फायर करने का आरोप
फायरिंग में बच्चे के दाहिने हाथ के अंगूठे और उंगलियों में चोटें आईं, साथ ही उसके माथे पर भी छर्रे लगे। परिवादी के अनुसार इस घटना को कुछ लोगों ने देखा भी है। घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को रावतसर अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने बच्चे को जान से मारने की नीयत से फायर किया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एसआई मुकेश को सौंपी है। जांच अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और घटना की गहराई से जांच जारी है। पुलिस के अनुसार बच्चे पर गोली चलाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।


