हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर में कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान द्वारा एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रोजगार और स्वरोजगार प्रशिक्षण से जुड़ी विभिन्न निजी संस्थाओं ने भाग लेकर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। सुबह बड़ी संख्या में युवा रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे, हालांकि दोपहर बाद अभ्यर्थियों की संख्या में कमी देखी गई। शिविर में एलआईसी, एलाइन स्किल, निजी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां और कई सिक्योरिटी एजेंसियां शामिल रहीं। इन संस्थाओं ने 10वीं, 12वीं, स्नातक और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का इंटरव्यू के माध्यम से चयन प्रक्रिया शुरू की। विभिन्न पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का प्राथमिक चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर किया गया। गौरतलब है कि पूर्व वर्षों में इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभाग भी भाग लेते रहे हैं, लेकिन इस बार केवल निजी क्षेत्र की संस्थाओं को ही आमंत्रित किया गया। इसके चलते कई अभ्यर्थी सरकारी नौकरियों से संबंधित अवसरों की जानकारी लेने के उद्देश्य से पहुंचे, परंतु उन्हें निजी क्षेत्र की भर्ती प्रक्रिया में ही भाग लेना पड़ा। जिला रोजगार अधिकारी विनोद गोदारा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार अवसर दिए जा रहे हैं। इस शिविर में करीब तीन सौ युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। रोजगार कार्यालय द्वारा मार्च में भी ऐसा शिविर आयोजित होगा। इसके अलावा अगस्त में एक मेगा शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें करीब पांच हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।


