मां भद्रकाली मेला 2026 की तैयारियों के संबंध में हनुमानगढ़ सेवा समिति ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने मेला क्षेत्र में स्थायी शौचालय और सड़क निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। इस वर्ष मेला 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल और अन्य पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि मेला अवधि के अलावा भी पूरे वर्ष, विशेषकर शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर आते हैं। इसके बावजूद मेला क्षेत्र में स्थायी शौचालय की व्यवस्था नहीं है, जिससे श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं को भारी असुविधा होती है। समिति ने देवस्थान विभाग को निर्देशित कर महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग स्थायी शौचालय बनवाने और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अतिरिक्त, समिति ने टाउन क्षेत्र से मेला स्थल तक जाने वाली सड़क की खराब स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य काफी समय से चल रहा है, लेकिन कोलतार के अभाव में मार्ग अभी भी कच्चा है। इससे यात्रियों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। समिति ने मांग की है कि मेला शुरू होने से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर कारपेटिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। ज्ञापन की प्रतिलिपि देवस्थान विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग को भी भेजी गई है। समिति ने प्रशासन से समय रहते आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। इस अवसर पर सचिव सुनील धूड़िया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


