शहर के गुमानपुरा थाने में आपसी कहासूनी के बाद दो पुलिसकर्मियों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बड़ा की एक पुलिसकर्मी ने दूसरे पुलिसकर्मी पर हथौड़े से सिर पर वार कर दिया।घायल हालत में पुलिसकर्मी को इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उसके सिर पर 6 टांके लगे है।घटना शनिवार दोपहर 12 से 1 बजे के आसपास की है। पूरा विवाद ड्यूटी जॉइन (आमद करवाने) करने को लेकर हुआ। घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने हथोड़े वार करने वाले हेड कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाने के सूत्रों ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल बलबीर सिंह 1 जनवरी से ड्यूटी जॉइन करने आ रहा था। लेकिन ड्यूटी जॉइन (आमद) नहीं कर पा रहा था। इसी बात से बलवीर पीड़ित था। शनिवार को भी बलबीर ड्यूटी जॉइन करने पहुंचा। उसने थाने में मेजर लगे हुए हेड कॉन्स्टेबल सुंदर यादव से आमद दिलाने को कहा। इसी बात को लेकर सुंदर ने बलबीर से तू तड़ाक में बात की। वर्दी पहनकर आने को कहा। दोनों में बहस हो गई। जिसके बाद बलबीर वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद हथौड़ी लेकर आया और सुंदर के सिर पर मार दी। जोर से आवाज आने पर थाने का स्टाफ दौड़ा। देखा तो सुंदर के सिर के पीछे वाले हिस्से में चोट लगी। सुंदर के सिर से खून बह रहा था। सुंदर को निजी हॉस्पिटल ले जाया गया। सुंदर के 6 टांके लगे है। इधर घटना के बाद बलबीर की भी तबियत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया।जानकारी में आया कि बलबीर व सुंदर एक ही बेंच के है। सुंदर की कार्यशैली से थाने का स्टाफ भी परेशान है। मामला दर्ज होने के बाद बलबीर हवालात में बंद है। डीएसपी वृत प्रथम योगेश शर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर में गुमानपुरा थाने में हेड कांस्टेबल सुंदर व हेड कांस्टेबल बलवीर की आमद की बात लेकर का कहासुनी हुई थी। जो लड़ाई झगड़े तक पहुंच गई। जिसके बाद बलवीर सिंह ने सुंदर के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। घायल का मेडिकल करवाया जा रहा है। हेड कॉन्स्टेबल सुंदर की शिकायत पर हेड कॉन्स्टेबल बलवीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया कि हेड कांस्टेबल बलवीर ने राज कार्य में बाधा डाली है और हेड कांस्टेबल पर हथौड़ी से वार किया है। हेड कांस्टेबल बलवीर के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई की जाएगी।


