हमले से नाराज दुकानदार व समर्थकों ने प्रदर्शन कर रोका ट्रैफिक

भास्कर न्यूज | लुधियाना जीवन मार्केट में दुकानदारों से हुई मारपीट की शिकायत पर पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने से नाराज व्यापारियों ने वीर पैलेस चौक पर धरना देकर चंडीगढ़ रोड जाम कर दिया। वीरवार रात करीब 8 बजे से 10 बजे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी अनुसार, वीरवार को पहले दो दुकानदारों पर हमला किया गया था। जब पीड़ित दुकानदार पुलिस के पास शिकायत देने पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद गुस्साए व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। माहौल ज्यादा ख़राब होता देख पर थाना जमालपुर और थाना फोकल पॉइंट की पुलिस मौके पर मौके पहुंची और लोगों को शांत करवाया। तब 2 घंटे के बाद दुकानदार वहां से हटे और ट्रैफिक शुरू हो पाया। वहीं इस हमले में दो दुकानदार रोहित कुमार और अंकुर कुमार जख्मी हुए है। पीड़ित रोहित कुमार, गणपति टेलीकॉम के मालिक ने बताया कि एक महीने पहले इलाके के कुछ युवकों ने गुंडागर्दी करते हुए व्यापारियों के साथ मारपीट की थी। उस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई थी, जिसके बाद कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया था। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखे हुए थे। रोहित कुमार के मुताबिक, वीरवार शाम करीब 6 बजे हमलावरों ने गोयल टेलीकॉम के मालिक अंकुर कुमार की दुकान में घुसकर हमला कर दिया। दुकान के अंदर तोड़फोड़ की गई। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर मार्केट के अन्य दुकानदार मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित अंकुर कुमार ने बताया कि हमलावरों ने उसकी दुकान में रखा मोबाइल फोन और अन्य सामान भी लूट लिया। साथ ही आसपास की दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि जाते समय हमलावर दुकानदारों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में रोष फैल गया और उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।थाना इंचार्ज के आश्वासन पर दो घंटे के बाद हटाया धरना: शिकायत लेकर थाने पहुंचे दुकानदारों की बात जब पुलिस ने नहीं सुनी तो आक्रोशित दुकानदारों ने सड़क पर धरना दे दिया। इसके बाद चंडीगढ़ रोड पर जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। धरने के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान एक पुलिस मुलाजिम और दुकानदारों के बीच कहासुनी भी हो गई। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। थाना इंचार्ज कुलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अगर जांच में गोली चलने की पुष्टि होती है, तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *