हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर, दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मेला 14 मार्च से 13 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पहली बार एक महीने के लिए स्पेशल टास्क रैपिड टीम (एसटीआरटी) तैनात की जाएगी। मंदिर परिसर में चार पुलिस रिजर्व बल, 185 होमगार्ड जवान और 40 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। 60 सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं। बाबा की पवित्र गुफा और लंगर 24 घंटे खुले रहेंगे। दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए गेट नंबर 1 से 9 तक मुफ्त टैक्सी सेवा उपलब्ध होगी। दूर-दराज के भक्तों के लिए मंदिर की लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था की गई है। प्रसाद की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। सभी दुकानदारों को प्रसाद की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने की भी उचित व्यवस्था की गई है।


