हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर में राष्ट्रीय स्तरीय होली मेला आज से शुरू हो रहा है। इस मेले का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे।पहले होली मेला कमेटी द्वारा छपवाए गए निमंत्रण पत्र में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्य अतिथि बताया गया था। लेकिन उद्घाटन से एक दिन पहले उनके स्थान पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आने की सूचना दी गई। मुख्यमंत्री के न आने के कारणों का पता नहीं चल सका है।उधर, मुख्यमंत्री के होली उत्सव पर सुजानपुर के प्रस्तावित दौरे के स्थगित किए जाने को लेकर पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह आभास हो गया था कि यदि वह राष्ट्रीय होली मेले के आगाज पर सुजानपुर पहुंचते तो जनता उनसे अधूरे वादों का हिसाब मांगती। इसलिए विरोध से बचने के लिए उन्होंने अपना दौरा ही स्थगित कर दिया।राणा ने यह भी कहा कि वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री ने होली मेले के शुभारंभ अवसर पर बड़े मंच से सुजानपुर की जनता के लिए कई घोषणाएं की थीं। हालांकि, एक-दो घोषणाओं को छोड़कर शेष सभीवादे आज तक अधूरे पड़े हैं। 4 मार्च को होली मेले का समापन राष्ट्रीय स्तरीय होली मेले का समापन 4 मार्च को किया जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया बतौर मुख्य अतिथि आएंगे। पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री के स्थान पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि होंगे। दूसरे दिन कैबिनेट मंत्री राजेश धर्मानी और तीसरे दिन भोरंज के विधायक सुरेश कुमार मुख्य अतिथि होंगे।मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक कलाकार बब्बू मान दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसी दिन हिमाचल पुलिस का ‘हार्मनी ऑफ द पाइनस’ बैंड भी अपने गीतों से जनता को लुभाएगा। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक मनकीरत औलख अपने गीत गाकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी कलाकार सुनंदा शर्मा आकर्षण का केंद्र होंगी। जबकि चौथी संध्या में हिमाचली कलाकार कुमार साहिल अपनी प्रस्तुति देंगे।


