मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत लोक निर्माण विभाग (PWD) के बजट में हरदा जिले के लिए 286.5 करोड़ रुपये की लागत से 10 सड़कें और एक पुल बनाने की स्वीकृति मिली है। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के प्रस्ताव और प्रयासों के बाद इन निर्माण कार्यों को बजट में शामिल किया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। स्वीकृत परियोजनाओं में सबसे बड़ा हिस्सा दो प्रमुख सड़कों का है। करनपुरा से बासीबढ़ व्हाया सोलतलाई, मगरधा, खुदीया मार्ग (81.00 किमी) के लिए 122 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, हंडिया से मोरगढ़ी व्हाया मसनगांव, खुदीया मार्ग (71.25 किमी) के लिए 107 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गुल्लास-हंडिया मार्ग के लिए 35 करोड़ गुल्लास से हंडिया व्हाया नांदरा से आदमपुर जुगरिया मार्ग (16.00 किमी) का निर्माण 35 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा, हरदा-छिपानेर मुख्य मार्ग से रन्हाई खुर्द होते हुए बिल्लोद मार्ग (5.60 किमी) के लिए 9.27 करोड़ रुपये और सन्यासा-रामेश्वर से रुन्दलाय तक सड़क निर्माण (4.00 किमी) के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। टिमरनी मुख्यालय को जोड़ेगा भायली पुल ग्राम भायली एवं आसपास के क्षेत्र को टिमरनी मुख्यालय से जोड़ने वाले भायली पुल का निर्माण 2.64 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इसके अतिरिक्त, ग्राम कुंभीखेड़ा से डाब्या तक सड़क (2.09 करोड़), मसनगांव हंडिया मुख्य मार्ग तक सड़क (2 करोड़), देदला से नीलगढ़ तक सड़क (1 करोड़) और रहटखुर्द-सुखरास मार्ग (1.50 करोड़) भी स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षा-स्वास्थ्य और खेती को मिलेगा फायदा इन कार्यों से जिले के ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले ये मार्ग क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विधायक बोले- हजारों नागरिकों को मिलेगा लाभ विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा, “हरदा जिले के समग्र विकास, बेहतर सड़क नेटवर्क और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ना मेरी प्राथमिकता रही है। इन कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुरक्षित एवं सुगम होगा।”


