पंजाब के लुधियाना में गांव मुल्लापुर के नजदीक बद्दोवाल स्थित एक लग्जरी कार शोरूम पर फायरिंग के मामले में नामजद कुख्यात गैंगस्टर अमित डागर गुरुवार रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, अमित डागर को झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया था। अमित डागर को मेडिकल जांच के लिए जगराओं ले जाया गया। रात करीब साढ़े 11 बजे मेडिकल के बाद वापसी के दौरान चौकीमान टोल प्लाजा से आगे पुलिस वाहन बेकाबू होकर पलट गया। डागर की दोनों टांगे टूटी हादसे में अमित डागर की दोनों टांगें टूट गईं, जबकि वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए रायकोट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि अमित डागर को आज लुधियाना की अदालत में पेश किया जाएगा। 30 से अधिक आपराधिक मामले है दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अमित डागर कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी का नजदीकी सहयोगी है। कौशल चौधरी पर 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि जेल में बंद होने के बावजूद कौशल चौधरी और अमित डागर अपने नेटवर्क के जरिए रंगदारी और अवैध वसूली की गतिविधियां संचालित करते रहे हैं। इस नेटवर्क में अमित डागर को सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है। 10 जनवरी को हुई है फायरिंग गौरतलब है कि लुधियाना के बद्दोवाल इलाके में स्थित एक लग्जरी कार शोरूम पर 10 जनवरी को हुई फायरिंग की घटना में 8 से 10 राउंड फायर किए गए थे। इसी मामले में पूछताछ के लिए पुलिस अमित डागर को झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी। अमित डागर इससे पहले भी कई गंभीर मामलों में पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। 19 अक्टूबर 2025 को लुधियाना के गांव बेगोआना में सेवानिवृत्त नायब सूबेदार नंद लाल यादव के घर पर हुई फायरिंग और जबरन वसूली के मामले में भी उससे पूछताछ की गई थी। डागर पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित है। पुलिस के अनुसार, खुद को बड़ा गैंगस्टर साबित करने के लिए अमित डागर ने कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई को धमकी देकर पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। फिरौती न मिलने पर उसके गुर्गों ने जयपुर में लॉरेंस से जुड़े एक कंस्ट्रक्शन कंपनी अधिकारी की हत्या कर दी थी। बाद में वर्ष 2018 में रेवाड़ी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।


