हरियाणा का बीटेक टॉपर निकला हत्यारा:रेवाड़ी में दिल्ली के कंडक्टर की हत्या की, महिलाओं को गालियां निकालने से गुस्साया

हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली के ट्रक कंडक्टर का हत्यारा बीटेक टॉपर निकला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। इस केस का मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि 29 जुलाई को बावल में ट्रक कंडक्टर मनोज ने विवेक के परिवार में लगने वाली महिलाओं को शराब के नशे में गालियां दी थीं। महिलाओं ने अपने रिश्तेदार दीपक से इसकी शिकायत की। दीपक ने फोन कर अपने गांव जौनियावास से अन्य भाइयों को बुला लिया। इनके साथ टॉपर विवेक भी पहुंचा था। सभी ने मिलकर मनोज से मारपीट की थी। जिसमें उसकी मौत हो गई। हालांकि विवेक का कहना है कि दीपक ने झूठ बोलकर मुझे वहां बुलाया था। मुझे महिलाओं से छेड़छाड़ वाली बात नहीं पता थी। 5 पॉइंट्स में समझिए पूरी वारदात… शराब के नशे में महिलाओं को गाली दी
DSP डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनोज ने 29 जुलाई की सुबह कंपनी के बाहर ट्रक खड़ा करवाने के बाद शराब पी। शराब के नशे में वह आसपास के एरिया में घूमता रहा। इस दौरान उसने वहां महिलाओं के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद शाम तक वह उसकी एरिया में घूमता रहा। महिलाओं ने घर जाकर शिकायत की
DSP ने आगे बताया कि महिलाओं के रिश्ते में लगने वाले युवक भी वहीं अलग-अलग कंपनी में काम करते हैं। दोपहर बाद महिलाओं ने गाली देने वाले व्यक्ति के बारे में दीपक को बताया। इसके बाद दीपक ने मनोज की तलाश शुरू की। तलाश के बाद 6 आरोपी एक जगह इकट्‌ठा हुए और उसे पीटने की योजना बनाई। दीपक ने फरीदाबाद NIT कॉलेज के बीटेक टॉपर रहे विवेक को भी फोन किया था। वह रिश्ते में उसका भाई लगता है। 200 मीटर ही चल पाया मनोज
DSP ने बताया कि सभी लोगों ने मनोज के साथ मारपीट की। इसके बाद मनोज घटनास्थल से करीब 200 मीटर ही चल पाया। उसके बाद वह गिर गया। जिसके बाद सभी आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि मनोज के शरीर पर 40 जगह इंजरी थीं। इंटरनल ब्लीडिंग के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विवेक को गिरफ्तार कर लिया। विवेक बोला- मुझे झूठ बोलकर बुलाया
पुलिस पूछताछ में विवेक ने बताया कि उसके पास दीपक का फोन आया था। पहले उसने घर में चोर घुसने की बात कही। जिस पर उसने टाल दिया। फिर दीपक ने घर में युवक घुसने की बात कही और न आने के ताने मारे। इसके बाद वह मौके पर चला गया। वह पहुंचा तो सभी ने मनोज को पीटना शुरू कर दिया। उसने भी मनोज के साथ मारपीट की। 6 लोगों के नाम आए सामने
DSP रविंद्र कुमार ने आगे बताया कि मर्डर में विवेक ने खुलासा किया है कि दीपक, अमित, देवेंद्र, देवीलाल, मान सिंह व राकेश ने मिलकर पूरी घटना को अंजाम दिया गया है। सभी लोगों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास चल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *