हरियाणा पुलिस कस्टडी से फरार नशा तस्कर एमपी में पकड़ा:शिमला में पानीपत पुलिस को चकमा देकर भाग गया था; जेल से बेल पर था बाहर

हिमाचल प्रदेश के शिमला में हरियाणा पुलिस की कस्टडी से फरार हुए नशा तस्कर को पानीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पानीपत की एंटी नारकोटिक्स सेल की कस्टडी से फरार हुए आरोपी नशा तस्कर पवन उर्फ मिस्त्री को 72 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के मुरेना के जौरा से काबू किया। आरोपी नशा तस्कर 5 जनवरी की सुबह हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोंग में पुलिस टीम को टॉयलेट के बहाने धक्का देकर कस्टडी से फरार हो गया था। एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम आरोपी को कोर्ट से रिमांड पर लेकर नशा सप्लायर को पकड़ने के लिए हिमाचल लेकर गई थी। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी पवन का पहले भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। उसके खिलाफ नशा तस्करी के पहले दो मामले दर्ज है। आरोपी उक्त मामलों में जेल से बेल पर बाहर आया हुआ था। 4 दिन के रिमांड पर था तस्कर इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि उनकी टीम ने बीते बुधवार 1 जनवरी को गुप्त सूचना पर नाकाबंदी कर आरोपी नशा तस्कर पवन उर्फ मिस्त्री निवासी गढ़ी छाजू को जीटी रोड पर मलिक पेट्रोल पंप के पास वैगनार कार सहित काबू किया था। तलाशी लेने पर आरोपी के पास कार से 1 किलो 900 ग्राम चरस बरामद हुई थी। पूछताछ में आरोपी ने उक्त चरस हिमाचल से कम कीमत पर खरीदकर लाने के बारे में स्वीकार किया था। नशा सप्लायर को काबू करने के लिए गुरुवार को 2 जनवरी को पवन को कोर्ट में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया था। शुक्रवार 3 जनवरी को पुलिस टीम नशा तस्कर को साथ लेकर नशा सप्लायर को काबू करने के लिए हिमाचल प्रदेश के शिमला गई थी। पुलिस टीम पवन को शिमला के ठियोग के माउंटेन नेस्ट होटल में लेकर ठहरी थी। रविवार 5 जनवरी की अल सुबह आरोपी ने पुलिस को लघुशंका जाने की बात कही। जैसे ही पुलिसकर्मी उसे लेकर चले तो आरोपी धक्का देकर खिड़की से जंगल में कूदकर फरार हो गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *