हरियाणा में हिसार समेत 12 जिलों में भारी ओलावृष्टि:पानीपत में तेज बारिश; कांगड़ा में बादल फटा, लैंडस्लाइड से कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे बंद

हरियाणा में शुक्रवार शाम को अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान हिसार, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और नूंह में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और झज्जर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, हिसार, करनाल, सोनीपत, जींद, पानीपत, पंचकूला शामिल हैं। पानीपत, सोनीपत, पंचकूला और जींद में सुबह भी बारिश हुई। वहीं हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे बंद हो गया है। हाईवे पर रायसन के पास पहाड़ी से मलबा गिरने से लैंडस्लाइड हुआ है। जिस वजह से दिल्ली से मनाली जाने वाले टूरिस्ट फंस गए हैं। इसके अलावा कांगड़ा के मुल्थान में बादल फट गया। यहां 9 वाहनों को नुकसान पहुंचा है। 12 मकानों को खाली कराकर लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। हरियाणा में हुई ओलावृष्टि-बारिश के PHOTOS… मौसम एक्सपर्ट बोले- कल भी बारिश, सिंचाई न करें किसान
इस बारे में मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि 1 मार्च तक ऐसे ही बारिश का मौसम बना रहेगा। हरियाणा के उत्तरी व पूर्व इलाकों में बारिश और बाकी हरियाणा में तेज गति से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को गेहूं की फसल में सिंचाई न करने की सलाह दी है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ गेहूं विशेषज्ञ डॉ. ओपी बिश्नोई ने कहा कि तेज हवा चलने और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है। हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से नुकसान, कुल्लू में घरों में पानी घुसा, गाड़ियां मलबे से दबीं
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के अखाड़ा बाजार में भारी बारिश के चलते लोगों के घरों में पानी घुस गया। वहीं, नाले में बाढ़ से कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। बनाला में लैंडस्लाइड के दौरान मनाली से पठानकोट जा रही एक निजी बस चपेट में आ गई। इसमें ड्राइवर-कंडक्टर के साथ 2 यात्री भी घायल हो गए। उधर, भारी बर्फबारी के चलते पूरे लाहौल-स्पीति जिले, चंबा के पांगी और किन्नौर जिले का संपर्क कट गया है। साथ ही मंडी में होने वाली इंटरनेशनल कल्चरल परेड टाल दी गई है। अब यह परेड अब 1 मार्च को होगी। वहीं, बीते 24 घंटे में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। उधर, चंबा के शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर द्वारा जिला के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में आज छुट्टियां कर दी गई हैं। हिमाचल में बारिश-बर्फबारी और उससे नुकसान के PHOTOS…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *