हरियाणा BJP के चेयरमैन का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार:बेटे ने दी मुखाग्नि, ट्रक से टकराई थी कार; पत्नी कुछ दिन पहले लेक्चरर लगीं

हरियाणा माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर सिंह मालवाल की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। आज दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार हिसार जिले के बरवाला हलके स्थित पैतृक गांव ढाणी खान किया गया। बेटे ने पिता को नम आंखों से मुखाग्नि दी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक रणधीर सिंह पनियार, पूर्व विधायक मंत्री रहे अनूप धानक के साथ आसपास के गांव से भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। दरअसल, ईश्वर सिंह के साथ जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय वह गोहाना से लाखनमाजरा के रास्ते से हिसार जा रहे थे। वह गाड़ी में अकेले थे। इस बीच जब वह गोहाना-लाखनमाजरा रोड पर गांव बैसी में पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। मालवाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह 3 बच्चों के पिता थे। उनकी पत्नी अभी हाल ही में लेक्चरर के पद पर नियुक्त हुई थीं। अंतिम संस्कार से जुड़ी PHOTOS देखें… कार ट्रक से टकराने के बाद खेतों में उतरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि मालवाल की गाड़ी ट्रक से टकराने के बाद खेतों में उतर गई। वहीं, ट्रक भी पलट गया। हादसे के बाद से ही ट्रक चालक का कोई अता-पता नहीं है। पुलिस ट्रक के नंबर और कागजात से ड्राइवर का पता लगाने में जुटी है। हादसा किस कारण हुआ, ये अभी स्पष्ट नहीं है। रोहतक PGI में ही मालवाल का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। PGI में परिवार को संभालने पहुंचे थे गंगवा
वहीं, हादसे की खबर मिलते ही हिसार से मंत्री और नेता रोहतक पीजीआई पहुंचे। हर कोई ईश्वर मालवाल को खोने के गम में डूबा हुआ था। भाजपा नेता रणबीर गंगवा ने परिवार को ढांढस बंधवाया और कहा कि दुख की घड़ी में वह साथ हैं। तरूण बोले- सुबह मालवाल भिवानी में थे
BJP के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष तरूण जैन ने बताया कि उनकी ईश्वर मालवाल से सुबह 11 बजे बात हुई थी। वह उस समय भिवानी में थे। इसके बाद वह लाखनमाजरा वाले रूट पर कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। 3 बच्चों के पिता थे, एक बेटी डॉक्टर और बेटा वकील
तरुण जैन ने बताया कि ईश्वर मालवाल का भिवानी के तोशाम स्थित खानक में स्कूल है। वह रोजाना कार से खानक स्कूल में जाते थे। परिवार में उनकी पत्नी, 2 बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी डॉक्टर और बेटा वकील है। मालवाल की पत्नी एक महीना पहले ही लाडवा में लेक्चरर के पद पर नियुक्त हुई थीं। ईश्वर मालवाल मूल रूप से बरवाला के गांव ढाणी खान बहादुर के रहने वाले थे। अभी वह हिसार के सेक्टर 9-11 में परिवार के साथ रह रहे थे। ईश्वर मालवाल ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर अंतिम पोस्ट दिल्ली से डाली हुई है। वह दिल्ली में BJP के महरौली से विधायक गजेंद्र यादव से मिलने उनके आवास भी गए थे। CM नायब सैनी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सहित तमाम भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। 2019 में BJP में शामिल हुए थे
ईश्वर मालवाल अक्टूबर 2019 में BJP में शामिल हुए थे। उससे पहले वह कांग्रेस में थे। वह मंत्री रणबीर गंगवा के बेहद करीबी थे। मालवाल को BJP सरकार ने 5 जुलाई 2023 को माटी कला बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया था। तब रणबीर गंगवा ने ही ईश्वर मालवाल को पदभार ग्रहण करवाया था। इससे करीब 4 साल पहले ईश्वर मालवाल भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष बनाए गए थे। कांग्रेस में अशोक तंवर के करीबी थे मालवाल
BJP से पहले ईश्वर मालवाल कांग्रेस में रहे। वह कांग्रेस के बीसी सेल के जिलाध्यक्ष थे। उनकी कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रहे अशोक तंवर के साथ नजदीकियां थीं। मगर कांग्रेस में तंवर की छुट्‌टी के बाद वह BJP में शामिल हो गए और रणबीर गंगवा के करीबी साथियों में शुमार हो गए। ईश्वर मालवाल अकसर रणबीर गंगवा के ही साथ दिखते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *