भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर तमिलनाडु के कन्याकुमारी स्थित वायएमसीए इंटरनेशनल गेस्ट हाउस विवेकानंदपुरम में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोपाल किरण समाज सेवी संस्था द्वारा आयोजित डॉ. बीआर अंबेडकर ग्लोबल आइकॉन अचीवर्स अवॉर्ड 2025 के अंतर्गत देशभर से चयनित विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से वकील हरिलाल डेगल और डॉ. रविंद्र सिंह नाग को समाज सेवा, सामाजिक चिंतन, सामाजिक न्याय, भाईचारा, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय अखंडता जैसे मूल्यों को समर्पित कार्यों के लिए इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जो डॉ. अंबेडकर के विचारों को समाज में जीवंत बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं। दोनों विभूतियों ने अपने क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता, समानता और मानवाधिकारों के लिए लगातार प्रयास किए हैं। समारोह में देशभर से आए समाजसेवी, शिक्षाविद, विचारक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संस्था ने कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तियों की उपलब्धियों का गौरव है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा भी है।


