भास्कर न्यूज | बाड़मेर राजस्थान विधानसभा में बायतु विधायक हरीश चौधरी की ओर से जल जीवन मिशन को लेकर तामलोर गांव में जातिवाद का आरोप लगाने पर ग्राम पंचायत तामलोर के सरपंच हिन्दू सिंह तामलोर ने कड़ी आपत्ति जताई। रविवार को प्रेस वार्ता में हिन्दू सिंह तामलोर ने कहा कि विधानसभा जैसे सम्मानित मंच पर वरिष्ठ नेताओं को बिना तथ्यों के भ्रामक और जातिगत भेदभाव बढ़ाने वाले बयान नहीं देने चाहिए। हरीश चौधरी ने विधानसभा में गांव के कुछ लोगों को जल आपूर्ति न मिलने की जो बात कही, वह पूरी तरह गलत और भ्रामक है। उन्होंने विधायक को चुनौती दी कि वे स्वयं आकर हकीकत देखें। तामलोर ग्राम पंचायत में सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी को मिला है, फिर चाहे वह आवास, सड़क निर्माण या जल जीवन मिशन हो। गांव में जल आपूर्ति का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, और कुछ ऊंचाई वाले घरों में प्रेशर कम होने की समस्या भी जल्द हल कर दी जाएगी। हिन्दू सिंह तामलोर ने कहा कि हरीश चौधरी जैसे वरिष्ठ नेता का बार-बार जातिगत मुद्दों को उछालना समाज में विभाजन पैदा करने वाला कृत्य है। यह बाड़मेर जिले के साथ-साथ विधानसभा और राज्यपाल जैसे संवैधानिक संस्थानों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है। उन्होंने मांग की है कि हरीश चौधरी को अपने गलत और भ्रामक बयान के लिए विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष जनता से माफी मांगनी चाहिए। तामलोर नक्शा दिखाते हुए।


