हरीश मीणा बोले-आज शिवचरण माथुर सरपंच भी नहीं बन पाते:MLA-MP बनते ही खड़ी हो जाती हैं कोठियां, पायलट ने कहा- अधिकारियों के घर भी कम नहीं

कांग्रेस नेता हरीश मीणा ने कहा कि आज की राजनीति में हालात ऐसे हो गए हैं कि शिवचरण माथुर जैसे नेता सरपंच तक नहीं बन पाते। उन्होंने इशारों-इशारों में वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था और चुनावी खर्च पर सवाल खड़े किए। मीणा ने कहा कि आज विधायक और सांसद बनते ही कोठियां और फार्म हाउस खड़े हो जाते हैं। वहीं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि आजकल अधिकारियों के घर भी किसी से कम नहीं हैं। रविवार को जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीणा और पायलट बोल रहे थे। आज की तरह नहीं होते थे पहले के जमाने के सीएम टोंक-सवाई माधोपुर से सांसद हरीश मीणा ने रविवार को प्रदेश की बदलती राजनीतिक संस्कृति पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले के जमाने के मुख्यमंत्री आज की तरह नहीं होते थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर की सादगी और स्पष्टता को याद करते हुए कहा कि आज की राजनीति में वे सरपंच तक नहीं बन पाते। मीणा ने कहा कि आजकल सुनने में आता है कि थाने का SHO सीधे मुख्यमंत्री से बात करता है। मैं खुद SP रहा हूं, लेकिन मेरी मुख्यमंत्री तो दूर, डीजी तक से सीधे बात नहीं होती थी। वो अलग जमाना था। उन्होंने कहा कि पहले नीतियां स्पष्ट होती थीं, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर अधिकारियों तक को यह स्पष्ट नहीं होता कि करना क्या है। जनता किससे मार्गदर्शन मांगे, समझ ही नहीं आता है। आज के समय सरपंच बनने के लिए भी पूछी जाती है जाति सांसद मीणा ने कहा कि आज पंचायत स्तर तक जातीय समीकरणों के आधार पर राजनीति होती है। सरपंच बनने के लिए जाति पूछी जाती है, आपकी जाति के वोटों के बारे में पूछा जाता है। आप ही बताइए, आखिर कौन-सी पंचायत से आज शिवचरण माथुर सरपंच बन पाते। उन्होंने कहा कि राजस्थान पहले अलग था और उसी तरह के नेता भी हुआ करते थे। उन्होंने बताया कि शिवचरण माथुर श्याम नगर स्थित साधारण मकान में रहते थे और वहीं से इस दुनिया को विदा हुए। आज मुख्यमंत्री के आने की सूचना 5 दिन पहले मिल जाती है। लाव-लश्कर और तामझाम अलग ही होता है। आज कोई MLA भी बन जाए, तो कोठियां और फार्म हाउस खड़े हो जाते हैं। MP-MLA ही नहीं अधिकारियों के बंगले भी कम नहीं वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने सांसद मीणा की बातों से सहमति जताते हुए कहा कि जमाना बदल गया है, लेकिन सारा दोष केवल नेताओं पर मढ़ना उचित नहीं है। मकान और बंगले सिर्फ विधायकों-सांसदों के ही नहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के भी कम नहीं हैं। इस पर भी बात होनी चाहिए। पायलट ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद सरकार बनाने का उद्देश्य केवल सत्ता सुख नहीं होना चाहिए। मुखिया को कम से कम 70% समय प्रशासन, क्रियान्वयन और विकास कार्यों में देना चाहिए। बाकी 30% में राजनीति सबको करनी चाहिए। लेकिन आज मुखिया 80-90% समय राजनीति में ही चला जाता है। अपनी गोटी कैसे और कहां फिट करनी है, इसी में ऊर्जा लगती है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वक्त में पॉलिसी मेकिंग का काम कुछ चुनिंदा अधिकारियों पर आउटसोर्स कर दिया गया है। वहीं दिशा तय करने लगते हैं। आज देश में बहुत कम ऐसे नेता बचे हैं, जो अपनी सोच और एजेंडे के साथ आगे बढ़कर लक्ष्य हासिल करते हैं। जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित जन्म जयंती समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर के जीवन से जुड़े दिलचस्प किस्सों को भी साझा किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, सांसद हरीश मीणा, कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बीडी कल्ला, डॉ चंद्रभान, पूर्व मंत्री रघु शर्मा समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *